ads header

Breaking News

चित्रगुप्त प्रकटोत्सव पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा तैयारियों में जुटा कायस्थ समाज, घर-घर जाकर दे रहे निमंत्रण

 छतरपुर। अखिल ब्रम्हाण्ड न्यायाधिपति भगवान चित्रगुप्त के प्रकटोत्सव पर आगामी 27 अप्रैल को भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। कायस्थ समाज ने इस वर्ष चित्रगुप्त भगवान के प्रकटोत्सव को हर्षाेल्लास और धूम-धाम के साथ मनाने का निर्णय लिया है। कायस्थ समाज की टोलियां आयोजन को सफल बनाने के लिए और प्रत्येक कायस्थ की शोभायात्रा में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पूरे शहर में घूम-घूम कर, घर-घर जाकर निमंत्रण पत्र दे रही है।

श्री चित्रगुप्त मंदिर ट्रस्ट एवं कायस्थ समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. राजेश खरे एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र श्रीवास्तव लगातार समाज के पदाधिकारियों व सक्रिय कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित कर लगातार तैयारियों पर नजर रख रहे हैं। समिति के अध्यक्ष वीरेन्द्र श्रीवास्तव ने कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर कायस्थ समाज के लोगों को जोड़ने और जिम्मेदारियां सौंपने के उद्देश्य से प्रत्येक समिति में अधिक से अधिक लोगों को सम्मिलित करने का प्रयास किया है, इस बार के आयोजन में कायस्थ समाज की महिलाओं की भागीदारी भी बड़ी संख्या में दिखाई दे रही है। आयोजन समिति के सदस्य प्रतीक खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री चित्रगुप्त मंदिर में 25 अप्रैल से ही विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम प्रारंभ हो जाएंगे, प्रतिदिन भगवान चित्रगुप्त की महाआरती होगी और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगें। 27 अप्रैल को न्यायाधिपति भगवान चित्रगुप्त का अभिषेक होगा और फिर दोपहर 2 बजे के बाद एक विशाल चल समारोह प्रारंभ किया जाएगा जिसमें विभिन्न सजीव झांकियों के अलावा बग्घियां, घोड़े, डीजे और बैण्ड सम्मिलित होंगे, यह शोभायात्रा श्री चित्रगुप्त मंदिर से प्रारंभ होकर छत्रसाल चौराहा, आकाशवाणी तिराहा, जबाहर रोड, फब्बारा चौक, हटवारा, चौक बाजार, कोतवाली होते हुए वापिस चित्रगुप्त मंदिर में पहुंचकर सामाजिक भोज के साथ संपन्न होगी। श्री चित्रगुप्त मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. राजेश खरे, आयोजन समिति के सदस्य वीरेन्द्र श्रीवास्तव ने सभी सामाजिक बंधूओं से उक्त आयोजन में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

No comments