ads header

Breaking News

ओरछा के राजा राम की लीला से जुड़े अनेक केन्द्रीय मंत्री, 6-15 अक्टूबर हेतु भव्य तैयारियां प्रारंभ *

 *वर्चुअल रामलीला से बुंदेलखंड में पर्यटन व रोज़गार के अवसर मिलेंगे: रवि शर्मा विधायक *


* रामराजा के स्थान ओरछा को विश्व में परिचित कराना राम लीला का मुख्य उद्देश्य: वी. पी. टंडन


झाँसी/ निवाडी/छतरपुर ! आगामी 6 से 15 अक्टूबर तक ओरछा में होने वाली भव्य रामलीला की तैयारियॉं जोरों पर हैं। आयोजन समिति के चेयरमैन श्री सत्यभूषण जैन, अध्यक्ष डॉ. वी.पी.टंडन अब तक अनेक केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर उन्हें आयोजन से जोड़ने हेतु निमंत्रित कर चुके हैं। ओरछा में बेतवा नदी के कंचना घाट पर ऐतिहासिक महलों की पृष्ठभूमि में होने वाली भव्य वर्चुअल रामलीला के लिए मध्यप्रदेश शासन एवं पुरातत्व विभाग से अनुमति प्राप्त हो चुकी है। रामलीला की तैयारियों के सिलसिले में ओरछा और झांसी में उच्च स्तरीय तैयारियों हेतु  बैठकें हुईं। मेंहदीपुर बालाजी में भगवान को आज समिति के पदाधिकारियों ने बालाजी महाराज को आमंत्रित किया ।

    ओरछा के राजा राम की लीला आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने टीकमगढ़ लोकसभा से सांसद एवं केन्द्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार जी से भेंट कर लीला के संबंध में विस्तृत चर्चा की।  डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले इस ऐतिहासिक व अंतर्राष्ट्रीय आयोजन पर हर्ष व्यक्त करते हुए आयोजन समिति का मुख्य संरक्षक बनना स्वीकार किया।आयोजन समिति ने  लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिड़ला, केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केन्द्रीय पट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री श्री रामेश्वर तेली, संसद की स्थायी समिति संस्कृति, पर्यटन व ट्रांसपोर्ट  के चेयरमैन श्री टी.जी. वेंकटेश सहित अनेक केन्द्रीय नेताओं से मुलाकात कर ओरछा के राजा राम की लीला से जोड़ने हेतु अंग वस्त्र, गदा व स्मृति चिन्ह देकर आमंत्रित किया।

   गत दिवस आयोजन समिति ने ओरछा के राजमहल होटल में एक बैठक का आयोजन किया आयेाजन समिति के अध्यक्ष डॉ. वी.पी.टंडन द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत किये जाने तथा  सत्यभूषण जैन ने  लीला के तकनीकी पक्षों की जानकारी देने  के बाद उपस्थित सज्जनों ने इस आयोजन को भव्य से भव्यतम बनाने के लिए अपने हर सहयोग का आश्वासन दिया। विद्वान वक्ता श्री नंदकिशोर नापित ने ओरछा के सुनहरे इतिहास से इस आयोजन की कड़ी जोड़ते हुए अनेक पौराणिक प्रसंग प्रस्तुत किये। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने इस आयोजन को क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए सभी क्षेत्रवासियों से पूरे मन से सहयोग का आह्वान किया।

 सर्किट हाउस झाँसी में जनसेवा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र  की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजा राम की नगरी ओरछा में होने वाली रामलीला तथा इस क्षेत्र के पर्यटन के विकास को लेकर चर्चा हुई ।जिसमें झांसी के महापौर श्री रामतीर्थ सिंघल, सदर विधायक श्री रवि शर्मा, श्री पवन गौतम (जिला पंचायत अध्यक्ष), कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के उपाध्यक्ष भाजपा श्री सुधीर सिंह, श्री संजय पटवारी (अध्यक्ष उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल), श्री जे. के. सिंह (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र), श्री अंकुर दीक्षित (जिला उपाध्यक्ष झांसी), श्री अंचल अडजरिया ( विहिप) सहित झांसी के अनेक गणमान्य नागरिक, उद्योगपति, व्यापार संघ के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। 

झांसी के महापौर श्री रामतीर्थ सिंघल द्वारा सभी के स्वागत के पश्चात ओरछा आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ वी पी टंडन ने प्रस्तावित कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आधुनिक तकनीक और श्रेष्ठ कला के माध्यम से होने वाली वर्चुअल रामलीला का विभिन्न टीवी चौनलों तथा संचार के माध्यमों से विश्वव्यापी प्रसारण किया जाएगा। करोड़ों लोगों तक पहुंचने वाली लीला का उद्देश्य भगवान राम से जुड़े इस महत्वपूर्ण स्थान के प्रचार प्रसार के साथ-साथ इस क्षेत्र  के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों के बारे में जन जन तक जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने राष्ट्र मंगल की कामना से आयोजित इस यज्ञ में सभी के सहयोग का आह्वान किया।  विधायक श्री रवि शर्मा ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस क्षेत्र में जैविक कृषि के विकास की योजनाओं से अवगत कराते हुए पर्यटन के विकास के संबंध में अनेक योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। आयोजक संस्था के चेयरमैन श्री सत्यभूषण जैन, परामर्शदाता डॉ. विनोद बब्बर, कोषाध्यक्ष श्री राजेश शर्मा  ने भी आयोजन के विभिन्न  पक्षों की जानकारी दी। डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि राम और राष्ट्र अभिन्न हैं। राम शब्द ही राष्ट्र मंगल का पर्याय है। न केवल हम भारतीयों बल्कि दुनिया के हर कोने में बसे भारतवंशियों के लिए मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम केवल आराध्य नहीं,  रोम-रोम में बसे प्राण स्वरूप राम हैं। भारतीय संस्कृति में संस्कारों का महत्व है क्योंकि वे हमें हमारे कर्तव्यों और  मर्यादा से जोड़ते हैं। ये संस्कार  रामजी के चरित को बारम्बार श्रवण करने से सहज प्राप्त होते हैं।इसीलिए भारत में सदियों से रामलीला की परम्परा है।अयोध्या की रामलीला आयोजन समिति के कार्यकारी चेयरमैन डॉ. वी. पी . टंडन  ने कहा कि हमारी समिति को अनेक महत्वपूर्ण स्थानों पर भव्य रामलीला मंचन करने का सौभाग्य और अनुभव प्राप्त है। दिल्ली के द्वारका में आयोजित हमारी रामलीला के मंच पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं। 

इस बार हमारी टीम ने रामलीला के मंचन के साथ-साथ देश के उन महत्वपूर्ण स्थलों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय किया है, जो प्रभु श्रीराम जी से जुड़े हैं। अयोध्या के बाद ओरछा को श्री रामजी के परमधाम के रूप में मान्यता है।अयोध्या श्रीराम की जन्मस्थली है इसलिए वे वहाँ रामलला हैं परंतु ओरछा में वे राजा राम है। ओरछा के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक महत्व के प्रति श्रद्धा रखते हुए हमारी समिति ने बेतवा नदी के कंचना घाट ओरछा के  ऐतिहासिक महलों की पृष्ठभूमि में भव्यतम रामलीला करने का निर्णय किया है ताकि दुनिया के कोने - कोने में रह रहे रामभक्तो के हृदय में राजाराम की नगरी ओरछा के प्रति उत्सुकता और श्रद्धा जागृत हो। ज्ञातव्य है कि कंचनाघाट वह ऐतिहासिक स्थान है जहां देवताओं ने राजा मधुकरशाह जी की श्रद्धा-भक्ति  के प्रति नतमस्तक होते हृए स्वर्ण पुष्पों की वर्षा की थी। उसी कंचनाघाट पर इस बार 6 से 15 अक्टूबर 2021 तक बरसने वाली राजाराम की कृपा को देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओ तक पहुंचाने के लिए वर्चुअल रामलीला का आयेाजन किया जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध अयोध्या की रामलीला के प्रख्यात निर्देशक तथा अनेक जाने-माने अभिनेता कलाकार इस बार ओरछा में अपनी प्रतिभा की छटा बिखेरेगे। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए यह लीला आयोजित की जाएगी।

इस रामलीला का सीधा प्रसारण विभिन्न टीवी चैनलों तथा संचार के सभी आधुनिकतम माध्यमों से होगा। श्रेष्ठ कला और आधुनिकतम तकनीक के समन्वय से होने वाली इस लीला को मध्यप्रदेश प्रशासन की अनुमति प्राप्त हो गई है। विभिन्न अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही है। 

राष्ट्र मंगल की कामना से आयोजित इस अभूतपूर्व आयोजन से इस क्षेत्र में पर्यटन को बल मिलेगा। क्षेत्र के विकास को अतिरिक्त गति प्राप्त होगी।

जिसमें  निवाड़ी जिला भाजपा अध्यक्ष श्री अखिलेश अयाची, पूर्व अध्यक्ष श्री नंदकिशोर नापित, विवेक चतुर्वेदी पूर्व ज़िला अध्यक्ष कोआपरेटिव बैंक, उपाध्यक्ष श्री अमित राय, गणेश टी नायक प्रवक्ता श्री सुमित मिश्रा के अतिरिक्त झांसी के महापौर श्री रामतीर्थ सिंहल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री जे.के.सिह, तालबेहट ब्लाक प्रमुख श्री विजय सिंह गोलू, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्री सुधीर सिंह, श्री मनीष सेंगर, व्यापार मंडल अध्यक्ष श्री संजय पटवारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम संयोजक श्री अमित राय ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया ।








No comments