ads header

Breaking News

मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने किया 1.54 करोड़ के विकास कार्याें का लोकार्पण खुरई में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन

 खुरई। मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने जिला स्तरीय रोजगार मेला में एक दर्जन से अधिक युवकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही तहसीली परिसर में 14.20 लाख रूपए लागत के स्मार्ट टायलेट, एक करोड़ रूपए लागत के शाॅपिंग काम्पलेक्स और 40 लाख रूपए लागत के आधुनिक फायर ब्रिगेड का लोकार्पण किया।


     पं. के.सी. शर्मा एक्सीलेंस स्कूल परिसर में जिला स्तरीय रोजगार मेला का शुभारंभ करते हुए मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज यहां युवाओं को रोजगार देने के लिए 23 कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित हैं। इससे पहले भी यहां लगे रोजगार मेला में युवाओं को नौकरियां मिली थीं। आज के मेले में यहां 5 हजार से अधिक युवा आये हुए हैं। उन्होंने कहा कि खुरई क्षेत्र में युवा अपना उद्यम लगा सकें, इसके लिए अनेक योजनाओं पर काम चल रहा है। खुशी है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह ने एक जिला-एक उत्पाद योजना में सागर जिले में खुरई को चुना है। कृषि यंत्र उत्पादन के क्षेत्र में पूरे देश में खुरई की अपनी अलग पहचान है। एक जिला-एक उत्पादन प्रोजेक्ट के लिए भारत सरकार से 15 करोड़ रूपए मिलेंगे। इसके लिए खुरई में नई अस्पताल के पास तेरह एकड़ जमीन उद्योग विभाग को दे रहे हैं। जहां युवाओं को अपने संयंत्र निर्माण के लिए प्लाट सहित अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। उम्मीद है कि इसमें लगभग दो हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। 


     मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई का तेजी से विकास हो रहा है। व्यवसाय बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री आवास निर्माण सहित लगभग सौ करोड़ के कार्य नगर में चल रहे हैं। जिनसे मेहनतकश लोगों को रोजगार मिल रहा है। साथ ही बाजार में व्यापार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि दुग्ध व्यवसाय के लिए डेयरी संयंत्र लगाये जा रहे हैं। बांदरी और मालथौन में यह कार्य प्रगति पर हैं। स्व सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार दिलाने का काम भी चल रहा है। 


     मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई में सरकारी दफ्तरों की नई बिल्डिंग बनाई जाएंगी। रेस्ट हाउस को शिफ्ट कर वहां बस स्टेण्ड बनाया जाएगा। खुरई में पहले से एक स्टेडियम और 3 पार्क हैं। अब एक आधुनिक स्टेडियम बनना है। मध्यम वर्ग के लोगों के लिए हाउसिंग बोर्ड की ओर से 280 मकान का कार्य जल्दी प्रारंभ कर रहे हैं। पुरानी अस्पताल की जगह कमर्शियल काम्पलेक्स बनाया जाएगा। डोहेला के पूरे किले पर लाईट एण्ड साउण्ड शो की व्यवस्था की जा रही है। किले का मैदान सुधारा जा रहा है। तालाब सौंदर्यीकरण के लिए 6 करोड़ रूपए मंजूर किए हैं। नालों का निर्माण कराने 8 करोड़ रूपए तथा नई टंकी और पाइप लाइन डालने के लिए 6 करोड़ रूपए मंजूर कराये गए हैं। नगर पालिका का नया भवन बनाने और वर्तमान जगह पर वाचनालय बनाने की योजना है। उन्होंने कहा कि खुरई का पहला अस्पताल है, जहां एक करोड़ रूप्ए लागत का आक्सीजन प्लांट लग चुका है और 21 अगस्त को मुख्यमंत्री जी भोपाल से इसका बर्चुअल लोकार्पण करेंगे। रोजगार मेला में मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने एक दर्जन युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में बीना विधायक महेश राय, कलेक्टर दीपक सिंह, जिला पंचायत के सीईओ इछित गढ़पाले, भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। 


     मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने तहसील कार्यालय परिसर में 14.20 लाख रूपए लागत के स्मार्ट टायलेय, चन्द्रशेखर वार्ड में एक करोड़ रूपए लागत के शाॅपिंग काम्पलेक्स और नगर पालिका परिसर में 40 लाख रूपए लागत की आधुनिक फायर ब्रिगेड को हरी झंडी दिखाकर लोकार्पण किया। मंत्री श्री सिंह ने महाकाली मंदिर शेड में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया तथा लोगों की समस्याएं सुनीं। 


अदभुत आवाज से धर्मेन्द्र रैंकवार सागर बाँदरी




No comments