ads header

Breaking News

छतरपुर जिले में मनाया गया 74वां स्वतंत्रता दिवस कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने किया ध्वजारोहण

 छतरपुर जिले में आज 74वां स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। इस वर्ष शासन द्वारा कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत जारी दिशा-निर्देशों के अनुक्रम में स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर मार्च पास्ट, व्यायाम प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों इत्यादि की प्रस्तुतियां नहीं हुईं।

कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहरण किया और उपस्थित शासकीय सेवकों द्वारा राष्ट्रगान का गायन किया गया। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री सिंह, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु चन्द्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ, अपर कलेक्टर प्रेम सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी की उपस्थिति में स्थानीय कलाकारों द्वारा देशभक्ति गीत एवं मध्य प्रदेश गान की प्रस्तुति दी गई। कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह सहित अपर कलेक्टर प्रेम सिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर राहुल सिलाड़िया, अधीक्षक भू-अभिलेख आदित्य सोनकिया और सीएमओ अरूण पटेरिया ने सभी उपस्थित शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का गरिमामयी पर्व हमारे महान सेनानियों के समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यह पर्व हमें एकजुट होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। इसी भावना को बनाए रखते हुए हम सभी को अपनी-अपनी क्षमता अनुसार प्रदेश एवं जिले की उन्नति और विकास में अपने कर्त्तव्यों तथा दायत्विों का निष्ठापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करना है।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह सहित अन्य उपस्थितजनों ने लाइव टेलीकास्ट के जरिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के स्वतंत्रता दिवस उद्बोधन को सुना। मुख्यमंत्री द्वारा उद्बोधन में प्रदेश में क्रियान्वित की जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं, कोरोना से प्रदेश की मुक्ति के लिए राज्य शासन द्वारा किए जा रहे अथक प्रयास एवं व्यवस्थाओं, आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के निर्माण के संकल्प सहित अन्य विकास कार्यों की उपलब्धियों का समावेश किया गया था, साथ ही लोगों से प्रदेष के विकास में नये संकल्प के साथ जुटने की अपील की गई थी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सजग, स्वस्थ्य और प्रसन्न रहने की अपील की।
कार्यक्रम का सफल संचालन राजस्व निरीक्षक अनिल खरे द्वारा किया गया।  


No comments